Blog

*घर से सटे तारों की करंट की चपेट में आकर 7 वर्षीय बच्चे का हाथ कटा, चार दिन के अंतराल में दूसरा हादसा*

*घर से सटे तारों की करंट की चपेट में आकर 7 वर्षीय बच्चे का हाथ कटा, चार दिन के अंतराल में दूसरा हादसा*

Powered by myUpchar

घर से सटे तारों की करंट की चपेट में आकर 7 वर्षीय बच्चे का हाथ कटा

चार दिन के अंतराल में दूसरा हादसा

● दनकौर : क्षेत्र के मंडपा गांव में एक घर से लगभग सटकर जा रहे बिजली के तारों की चपेट में आकर सात वर्षीय बच्चा झुलस गया। घटना के दौरान मौके पर ही उसका हाथ कटकर जमीन पर गिर गया। पीड़ित स्वजन द्वारा घायल को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से दिल्ली के लिए रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि घायल बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। बिजली निगम के उच्च अधिकारियों द्वारा मामले की जांच के आदेश दिये गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली निगम की लापरवाही के कारण चार दिन के अंतराल में यह दूसरा हादसा हुआ है।

हापुड़ के निडोरी गांव का रहने वाला सात वर्षीय बच्चा अल्तमस अपनी मां के साथ दनकौर क्षेत्र के मंडपा गांव में मामा के घर आया हुआ था। शनिवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद वह छत पर खेलने के लिए चढ़ गया। ग्रामीणों ने बताया कि घर की छत से लगभग सटकर हाईटेंशन लाइन जा रही है। बिजली निगम के अधिकारियों से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई कार्यवाही नही हो सकी। घायल बच्चे के पिता नोशाद ने बताया कि खेलते समय उनका बेटा तारों में उतरे करंट की चपेट में आकर झुलस गया। घटना के दौरान ही कोहनी के पास से उसका हाथ कटकर जमीन पर गिर गया। बाद में घायल को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन अधिक झुलसने के कारण उसका हाथ कंधे से हटाना पड़ गया। इसके बावजूद भी बच्चे की हालत नाजुक होने के चलते उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अधिकांश घरों की छत से सटकर जर्जर हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। बिजली निगम के अधिकारियों से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की गई है लेकिन कार्यवाही नही हुई। चार दिन पहले भी सफदर का पांच वर्षीय बेटा अयान लाइन से उतरे करंट की चपेट में आ गया था। पीड़ित का इलाज ग्रेटर नोएडा में चल रहा है जहां उसकी हालत में सुधार है। लोगों का कहना है कि बिजली निगम के अधिकरियों की उदासीनता के कारण गांव में लगातार हादसे हो रहे हैं। इस संबंध में दनकौर विधुत उपखंड अधिकारी राम मूर्ति वर्मा से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन सम्पर्क नही हो सका। पश्चिमांचल विधुत वितरण निगम लिमिटेड के गौतमबुद्ध नगर के आधिकारिक एक्स हैंडल पर बताया गया है कि मामले को गम्भीरता से लेते हुए टीम बनाकर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button