*दनकौर कस्बे में शव को पुलिस चौकी के पास सड़क पर रखकर लगाया जाम*
*दनकौर कस्बे में शव को पुलिस चौकी के पास सड़क पर रखकर लगाया जाम*

Powered by myUpchar
(आशीष सिंघल)

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर से कुचलकर 48 वर्षीय टेलर बबलू की मौत हो गई। घटना के बाद रविवार को पोस्टमार्टम के उपरांत जब मृतक का शव घर पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने दनकौर कस्बे के मुख्य चौराहे पर शव रखकर जमकर हंगामा किया और आरोपी ट्रैक्टर चालक व ट्रैक्टर मालिक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, बबलू दनकौर कस्बे में टेलर का काम करते थे। शनिवार दोपहर वह अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिजन नाराज हैं। रविवार दोपहर बाद शव पहुंचते ही परिजन और स्थानीय लोग मुख्य चौराहे पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी की गिरफ्तारी तक शव उठाने को तैयार नहीं हुए।
करीब दो घंटे तक चले इस हंगामे के कारण मुख्य चौराहे पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया।
पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों का धरना जारी था।










