Blog

*ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब का होली मिलन समारोह: भक्ति, साहित्य और सम्मान का संगम — भगवत शर्मा रहे आकर्षण का केंद्र*

Powered by myUpchar

ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब का होली मिलन समारोह: भक्ति, साहित्य और सम्मान का संगम — भगवत शर्मा रहे आकर्षण का केंद्र

(आशीष सिंघल)

ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब के तत्वाधान में सम्राट मिहिर भोज सिटी-पार्क में आयोजित होली मिलन समारोह भक्ति, संस्कृति और साहित्य के रंगों से सराबोर रहा। इस अवसर पर शहर के प्रमुख पत्रकार, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति मथुरा और वृंदावन से आए कलाकारों ने दी। ब्रज की पारंपरिक फाग, रसिया और राधा-कृष्ण की लीलाओं पर आधारित भक्ति गीतों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। फूलों की होली और रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
समारोह के दौरान मासिक साहित्यिक पत्रिका ‘शब्द मधु’ का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर साहित्य और पत्रकारिता के समन्वय की महत्ता पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे साहित्यकार एवं ग्रेटर नोएडा भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी भगवत शर्मा। उन्हें मंच पर विशेष सम्मान के साथ ‘शब्द मधु’ पत्रिका भेंट की गई। आयोजकों ने उनके साहित्यिक योगदान, सामाजिक सक्रियता और मीडिया क्षेत्र में उनके प्रभावशाली कार्यों की सराहना की।

अपने संबोधन में भगवत शर्मा ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, संवाद और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने साहित्य और पत्रकारिता को समाज के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि रचनात्मक लेखन और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती के स्तंभ हैं।

उनकी उपस्थिति और विचारों ने कार्यक्रम को एक नई दिशा दी और युवा पत्रकारों व साहित्य प्रेमियों को प्रेरित किया।
समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता व भाईचारे का संदेश दिया। यह आयोजन न केवल उत्सव का प्रतीक बना, बल्कि सांस्कृतिक और वैचारिक आदान-प्रदान का भी सशक्त मंच साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button